Tuesday, 3 April 2018

चटपटे कुरकुरे स्वीट कॉर्न । Crispy Fried Corn । Spicy Crispy Corn


किसी भी पार्टी में स्टार्टर और कभी भी स्नैक्स के तौर पर खाने के लिए एक नायाब रेसिपी -चटपटे कुरकुरे स्वीट कॉर्न.
Read- Crispy Fried Corn । Spicy Crispy Corn

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spicy Crispy Corn

  • स्वीट कॉर्न - 1 कप
  • कॉर्न फ्लॉर - 2 टेबल स्पून
  • नमक - ½ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच
  • तेल - तलने के लिए
परोसने के लिए
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी)
  • हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • नींबू - ½

विधि - How to make Crispy Fried Corn

स्वीट कॉर्न उबालिए
एक बर्तन में 2 कप पानी डालकर इसे ढककर पानी उबलने रख दीजिए. पानी में उबाल आने पर इसमें स्वीट कॉर्न डालकर 5 से 6 मिनिट तक उबलने दीजिए.
5 मिनिट बाद, स्वीट कॉर्न फूले-फूले दिखने लगेंगे. स्वीट कॉर्न उबल गए हैं. इन्हें पानी से निकालकर छलनी में डालिए और फिर एक प्याली में पलट लीजिए.
स्वीट कॉर्न में कॉर्न फ्लोर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डाल दीजिए. सारी चीजों को तब तक अच्छे से मिलाएं जब तक कि स्वीट कॉर्न पर मसाले अच्छे से चिपक जाएं. मसाले पाउडर की तरह ना दिखे.

स्वीट कॉर्न तलिए
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए. हाथ को कढ़ाही के ऊपर ले जाकर चैक कीजिए कि तेल गरम हुआ कि नही. हाथ पर गरमाहट लगनी चाहिए. स्वीट कॉर्न को तलने के लिए ज्यादा गरम तेल की आवश्यकता नही है. 1 स्वीट कॉर्न डालकर भी आप तेल चैक कर सकते हैं.
कम गरम तेल में धीरे-धीरे करते हुए आधे स्वीट कॉर्न डालकर इन्हें कलछी से थोड़ा सा हिला दीजिए. स्वीट कॉर्न को धीमी मीडियम आंच पर 3 मिनिट तक तल लीजिए. इसके बाद, गैस तेज करके इन्हें 1 से 2 मिनिट और तल लीजिए.
2 मिनिट बाद, स्वीट कॉर्न क्रिस्पी तलकर तैयार हैं, इन्हें कढ़ाही के ऊपर ही एक छलनी में निकाल लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए. गैस को धीमा करके स्वीट कॉर्न प्लेट में रख दीजिए.
बचे हुए स्वीट कॉर्न भी इसी तरह तल लीजिए. एक बार के स्वीट कॉर्न 5 मिनिट में तल जाते हैं. आप चाहे तो स्वीट कॉर्न ऎसे भी खा सकते हैं. इन्हें और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें मसाले -हरी मिर्च, हरा धनिया और नींबू निचोड़कर डाल दीजिए. सारी चीजों को मिक्स कर लीजिए और क्रिस्पी स्वीट कॉर्न तैयार.
क्रिस्पी स्वीट कॉर्न को किसी भी समय सर्व कीजिए, यह टेस्टी स्नैक्स सभी को पसंद आएगा.
सुझाव
  • स्वीट कॉर्न उबलने पर फूले-फूले दिखने लगेंगे. 
  • अगर स्वीट कॉर्न में मसाले मिलाते समय ये स्वीट कॉर्न पर अच्छे से ना चिपक रहे हो, तो इसमें 1 या ½ छोटी चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह से मिला दें.
  • तेज गरम तेल में स्वीट कॉर्न तलने के लिए ना डालें और आग भी पहले धीमी होनी चाहिए. अगर आप तेज गरम तेल में इन्हें तलने डालेंगे तो ये फूट-फूटकर कढ़ाही के बाहर आ गिरते हैं. अगर गलती से ऎसा हो जाए, तो आप एक थाली से कढ़ाही को ढक दें ताकि जो स्वीट कॉर्न उचटे, वो थाली से टकराकर वापस कढ़ाही में ही चले जाएं. 
  • मसाले अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं. आप चाहे तो इसके ऊपर लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, जीरा पाउडर या चाट मसाला डाल सकते हैं. अगर आप इसमें चाट मसाले का उपयोग कर रहे हैं, तो पहले नमक ना डालें या कम डालें.

खस्ता लहरिया आलू समोसा - Samosa Recipe - Aloo Samosa Striped - Crispy & Spicy Samosa


आजकल स्ट्रीट फूड में मशहूर खस्ता लहरिया आलू समोसा स्वाद में तो उम्दा होता ही है, दिखने में भी बढ़िया लगता है. पट्टीदार शक्ल के ये समोसे सादे समोसे से भी क्रिस्पी और मज़ेदार होते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Crispy & Spicy Samosa

  • मैदा- 2 कप (250 ग्राम)
  • नमक- 1 छोटी चम्मच नमक या स्वादानुसार
  • अजवाइन- ¼ छोटी चम्मच
  • घी- ¼ कप (60 ग्राम) (पिघला हुआ)
  • जीरा पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • मटर के दाने- ½ कप
  • आलू- 4 (300 ग्राम) (उबले हुए)
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • अमचूर पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल- तलने के लिए

विधि - How to make Aloo Samosa Striped

मैदा गूंथिए
एक बड़े प्याले में मैदा लीजिए. मैदा में ½ छोटी चम्मच नमक, अज़वाइन को हल्का सा मसलकर और पिघला हुआ घी डाल दीजिए और मिक्स कर लीजिए. फिर, थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. इतना आटा गूंथने में आधा कप पानी लग जाता है. आटे को ढककर 20 से 25 मिनिट के लिए रख दीजिए ताकि आटा सैट हो जाए.
स्टफिंग तैयार कीजिए
पैन गरम कीजिए. पैन में 1 टेबल स्पून तेल डाल दीजिए और इसे गरम होने दीजिए. तेल में जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डाल दीजिए. मसाले को जरा सा भून लीजिए और गैस धीमी कर लीजिए ताकि मसाले जले ना. इसके बाद, इसमें मटर के दाने डालकर थोड़ा सा भून लीजिए और मटर को नरम होने तक पका लीजिए. मटर को 2 से 3 मिनिट तक ढककर रख दीजिए. इसी बीच, उबले हुए आलू छील लीजिए.
3 मिनिट बाद, मटर को चमचे से दबाकर चैक कर लीजिए कि नरम हुई या नही. इसके बाद, पैन में आलू को बारीक तोड़ते हुए डाल दीजिए. फिर, इसमें गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, नमक और हरा धनिया डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे तरीके से मिलने तक मिला लीजिए. इस आलू मटर के मिश्रण को लगातार चलाते हुए पूरे 3 से 4 मिनिट भून लिया है. स्टफिंग बनकर तैयार है. स्टफिंग को एक अलग प्लेट में निकाल लीजिए.

लोई बनाकर पूरी बेलिए
20 मिनिट में आटा भी सैट होकर तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा तेल डालकर हाथ को चिकना कर लीजिए और आटे को मसलकर चिकना कर लीजिए. आटे से लोइयां तोड़ लीजिए. समोसे अपने पसंदानुसार साइज के थोड़े छोटे या बड़े बना सकते हैं. उसी के हिसाब से लोइयां तोड़ लीजिए.
समोसे के लिए पूरी बेल लीजिए. इसके लिए, चकले को थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए और एक लोई उठाकर मसलकर गोल बना लीजिए. लोई को चकले पर रखकर बेलन से थोड़ा सा ओवल आकार और चपाती जितना पतला बेल लीजिए.
पूरी पर स्ट्राइप्स बनाइए
पूरी बेलने के बाद, इसे 2 बराबर भागों में काट लीजिए. स्ट्राइप्ड समोसा बनाने के लिए, एक भाग पर ½ से.मी. किनारों से छोड़कर ½ - ½ से. मी़. की दूरी पर चाकू से कट्स लगा दीजिए. कट्स लगे हुए भाग पर थोड़ा सा पानी लगाइए और सादी पूरी को इसके ऊपर चिपका दीजिए. इसे थोड़ा सा बेलन से बेल लीजिए ताकि ये आपस में अच्छी तरह चिपक जाए.
कोन बनाकर स्टफिंग भरिए
इसे उठाकर हाथ पर रखिए और सादे समोसे की तरह ही कोन बना लीजिए. इसके किनारों पर पानी लगाइए और कोन की तरह फोल्ड कर ऊपर के दोनों कोने चिपका दीजिए और नीचे की ओर एक के ऊपर एक रखते हुए हाथ से दबाकर पूरी लंबाई में चिपका दीजिए. इस तरह कोन बनाकर तैयार कर लीजिए.
तैयार कोन में स्टफिंग डाल लीजिए. स्टफिंग को पूरा दबाकर अच्छे से भर लीजिए. इसके बाद, चारों ओर थोड़ा सा पानी लगा लीजिए और समोसे को चिपका दीजिए. समोसा बनाकर तैयार है. इसे प्लेट में रख लीजिए और सारे समोसे इसी तरह भरकर तैयार कर लीजिए. इसी दौरान, धीमी आग पर कढ़ाही में तेल गरम होने रख दीजिए.
समोसे तलिए
तेल चैक कर लीजिए. इसके लिए कढ़ाही में जरा सा आटा तोड़कर डाल दीजिए. आटा सिक रहा है, धीरे-धीरे ऊपर आ रहा है, तो तेल पर्याप्त गरम है. समोसे तलने के लिए हल्का गरम तेल चाहिए और गैस भी धीमी होनी चाहिए. गरम तेल में समोसे तलने के लिए डाल दीजिए और धीमी आग पर अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक समोसों को सिकने दीजिए. नीचे से हल्का सा सिक जाने पर समोसों को पलट दीजिए.
तले हुए समोसों को प्लेट में निकाल लीजिए. इन्हें निकालने के लिए समोसा सहित कलछी को कढ़ाही के किनारे पर हल्का तिरछा करके थोड़ी देर रोक लीजिए ताकि इसमें से अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए. सभी समोसों को इसी प्रकार तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के समोसे तलने में तकरीबन 15 से 16 मिनिट लग जाते है.
स्वाद में लाज़वाब खस्ता लहरिया समोसे बनकर तैयार हैं. इन्हें आप हरे धनिये की चटनी या टमैटो सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं.
सुझाव
  • जीरा पाउडर न हो, तो जीरे को दरदरा कूटकर भी लिया जा सकता है.
  • समोसे का कोन बनाते समय ध्यान रखें कि यह अच्छी तरह से चिपका हो. समोसे को भरने के बाद भी कोन को अच्छे से चिपकाकर बंद करें.
  • समोसों पर बब्बल ना आएं, इसके लिए समोसों को भरकर आधा घंटे के लिए रख दीजिए और थोड़े खुश्क हो जाने के बाद तलिए.
  • समोसों को हल्के गरम तेल और धीमी आग पर ही तलें. 
  • समोसों को अच्छा गोल्डन ब्राउन होने के बाद ही कढ़ाही से निकालें.

ताजा हरे मटर की दाल | Hare Matar ki Dal | Fresh Green Peas Daal Recipe


हरी मटर की सब्जी, मटर पुलाव, निमोना तो आपने अक्सर खाया होगा. आज हम आपको ताजा हरे मटर की दाल के अनोखे स्वाद से रूबरू कराएंगे.
Read- Hare Matar ki Dal | Fresh Green Peas Daal Recipe

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Fresh Green Peas Daal Recipe

  • मटर के दाने- 1 कप
  • देसी टमाटर- 2 (100 ग्राम)
  • हरी मिर्च- 2
  • हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च- 1 (लंबाई में कटी हुई)
  • तेल- 1 से 2 टेबल स्पून
  • घी- 1 छोटी चम्मच
  • हींग- ½ पिंच
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
  • अदरक का पेस्ट- ¾ छोटी चम्मच
  • नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Hare Matar ki Dal

टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट तैयार करके रख लीजिए.
कुकर गरम कीजिए. इसमें 1 से 2 टेबल स्पून तेल डाल लीजिए. गरम तेल में ¼ छोटी चम्मच जीरा डालकर भुनने दीजिए. फिर, इसमें हींग, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मसालों को धीमी आंच पर हल्का सा भून लीजिए. इसके बाद, इसमें टमाटर- हरी मिर्च का पेस्ट और अदरक का पेस्ट डाल दीजिए. साथ ही आधा लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए और मसाले के ऊपर तेल तैरने तक इसे भून लीजिए.
इसी बीच, मटर को दरदरा पीस लीजिए. थोड़े से दाने साबुत भी रहने चाहिए.

भुने मसाले में पिसी हुई मटर डालकर 1 मिनिट मसालों के साथ में भून लीजिए. इसमें 1 कप पानी और नमक डालकर मिला दीजिए. कुकर को बंद करके 1 सीटी आने तक मटर की दाल को पकने दीजिए. सीटी आने के बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर खत्म होने तक दाल को कुकर में ही रहने दीजिए. बाद में, दाल में गरम मसाला और थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. दाल को प्याले में निकाल लीजिए. हरी मटर की दाल को ऎसे भी सर्व कर सकते हैं लेकिन इसे और ज्यादा स्वादिष्ट और मसालेदार बनाने के लिए इसके ऊपर से तड़का भी लगाया जा सकता है.
तड़का लगाएं
तड़का पैन गरम कीजिए. इसमें 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. घी गरम होने पर, इसमें बचा हुआ जीरा और लंबाई में कटी हुई मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर, गैस बंद करके तड़के में बचा हुआ लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए. तैयार तड़के को दाल के ऊपर डालकर मिक्स कर दीजिए. इसके ऊपर हरा धनिया डालकर इसकी गार्निशिंग कर लीजिए.
हरे मटर की ज़ायकेदार और मसालेदार दाल सर्व करने के लिए तैयार है. इसे चपाती, पराठे, नान. पूरी, चावल किसी के साथ में परोसिए.
सुझाव
  • आप चाहे तो हींग ना डालें और प्याज लहसुन डालकर इसे बना लें.
  • इसके लिए देसी टमाटर लें तो ज्यादा अच्छा है क्योंकि ये खट्टे होते हैं और इनके उपयोग से दाल में स्वाद भी अच्छा आता है. 
  • अदरक का पेस्ट ना हो, तो ½ इंच अदरक का टुकड़ा टमाटर और हरी मिर्च के साथ में ही पीस लें.
  • अगर आप तीखा पसंद करते हैं, तो मिर्च ज्यादा ले सकते हैं.
  • दाल को अपनी पसंद और स्वाद के अनुसार थोड़ी सी गाढ़ी या पतली रख सकते हैं.
  • गरम मसाला और हरा धनिया सबसे बाद में ही डालें ताकि इनकी खुशबू ज्यादा समय के लिए बरकरार रहे.

भरवा बैंगन ग्रेवी वाले । Stuffed Eggplant Curry | Bharwa Baingan with Gravy in cooker




भरवां बैंगन लगभग सभी को पसंद आते हैं. अगर यही बैंगन तरी के साथ बनाएं, तो इनका स्वाद और भी बढ़ जाएगा और लोग इसके दीवाने हो जाएंगे. आइए हम और आप मिलकर जल्दी से कुकर में भरवां बैंगन ग्रेवी वाले बनाएं.
Read- Stuffed Eggplant Curry । Bharwa Baingan with Gravy in cooker

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bharwa Baingan with Gravy in cooker

  • बैंगन- 8 (250 ग्राम)
  • तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
  • हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटे हुए)
  • ताजा नारियल- 2 से 3 टेबल स्पून (कद्दूकस किया हुआ)
  • तिल- 2 टेबल स्पून
  • भुने मूंगफली के दाने- 2 टेबल स्पून
  • धनिया पाउडर- 2 छोटी चम्मच
  • सौंफ पाउडर- 2 छोटी चम्मच
  • जीरा- 1 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • अमचूर- ½ छोटी चम्मच
  • अदरक का पेस्ट- ½ छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • हींग- ½ पिंच
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार

विधि - How to make Stuffed Eggplant Curry

मसाला भूनिए
पैन गरम करके इसमें आधा जीरा और तिल डाल दीजिए. तिल को हल्का सा रंग बदलने और फूलने तक भून लीजिए और फिर, एक प्लेट में निकाल लीजिए.
कद्दूकस किए हुए नारियल को भी पैन में डालकर हल्का सा भून लीजिए.

मिक्सर जार में भुने हुए तिल, जीरा, मूंगफली के दाने और भुना नारियल डाल दीजिए. इनको हल्का सा दरदरा पीस लीजिए. पिसे मसालों को प्लेट में निकाल लीजिए और बाकी मसाले- धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर, अदरक का पेस्ट, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर भी डाल दीजिए. साथ ही बारीक कटी हुई बीज हटाई हुई हरी मिर्च, गरम मसाला और नमक भी डाल दीजिए. सारे मसालों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए.
बैंगन स्टफ कीजिए
एक बैंगन लेकर इसके पीछे की साइड क्रास कट लगा दीजिए. इसमें जितना मसाला भर जाए, उतना डालकर बैंगन को दबाकर प्लेट में रख लीजिए. इसी तरह से सारे बैंगन को मसाले से भरकर तैयार कर लीजिए.

कुकर में भरवां बैंगन पकाएं
कुकर गरम करके इसमें तेल डाल दीजिए. गरम तेल में जीरा और हींग डालकर गैस कम करके तेले में बचा हुआ मसाला भी डाल दीजिए. मसाले को थोड़ा सा भून लीजिए और कुकर में एक एक करके भरे हुए बैंगन डाल दीजिए. बैंगन को मसाले में अच्छी तरह से मिला लीजिए. इसमें 1/2 से 3/4 कप पानी डाल दीजिए. ग्रेवी को आप अपनी पसंद के अनुसार गाढ़ा या पतला रख सकते हैं. कुकर बंद करके बैंगन को एक सीटी आने तक तेज आंच पर पकने दीजिए. सीटी आने के बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर खत्म होने के बाद ही ढक्कन खोलिए. फिर, इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालकर बैंगन को प्लेट में निकाल लीजिए. ऊपर से ग्रेवी डाल दीजिए.
भरवा बैंगन ग्रेवी वाले बनकर तैयार हैं. बैंगन के ऊपर थोड़ा सा हरा धनिया डालकर इनकी गार्निशिंग कर लीजिए. इन्हें चपाती, पराठे, नान या चावल के साथ सर्व कर सकते हैं.
सुझाव
  • तिल को बिल्कुल भी ज्यादा ना भूनें, सिर्फ हल्का सा फूलने और रंग बदलने तक ही भूनें वरना ये कड़वे हो जाते हैं.
  • आप किसी भी तरह के सफेद या हरे छोटे बैंगन ले सकते हैं. 
  • बैंगन में क्रास कट लगाने के बाद इसे चैक भी कर लें क्योंकि कई बार बैंगन अंदर से खराब निकल सकता है.

नींबू छिलके का अचार | Nimbu ke Chilke ka Achar | Instant Lemon Peel Pickles



नींबू निचोड़ने के बाद, छिलकों को ज्यादातर लोग फेंक दिया करते हैं, लेकिन क्या आप जानते है कि इनको उपयोग में भी लाया जा सकता है और नींबू  छिलके के अचार बन सकते हैं, जोकि स्वाद में काफी बेहतरीन होते हैं. आइए देखें कैसे?
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Instant Lemon Peel Pickles
  • निचोड़े हुए नींबू- 1 किलोग्राम
  • नींबू- 8
  • नमक- 6 टेबल स्पून
  • हल्दी पाउडर- 2 टेबल स्पून
  • सरसों का तेल- ½ कप
  • हींग- 1 पिंच
  • अजवायन- 1 छोटी चम्मच
  • कलौंजी- 1 छोटी चम्मच
  • गरम मसाला- 2 छोटी चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर- 3 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर-2 टेबल स्पून
  • काला नमक- 4 टेबल स्पून
  • चीनी पाउडर- 1 कप
  • सौंफ पाउडर- 1 टेबल स्पून
विधि - How to make Nimbu ke Chilke ka Achar
नींबू के छिलकों में से बीज हटाकर इनको पतले-पतले टुकड़ों में काट लीजिए. कटे हुए छिलको में हल्दी पाउडर, नमक डालकर अच्छे से मिला लीजिए.
इन्सटेन्ट अचार बनाने के लिए छिलकों को नरम करना होगा. इसके लिए, एक बर्तन में 2 से 3 कप पानी डालकर गरम होने रख दीजिए और पानी में उबाल आने दीजिए. बर्तन को ढक दीजिए ताकि पानी में जल्दी से उबाल आ जाए. एक ऎसी थाली लीजिए जोकि बर्तन के ऊपर पूरी तरह से आ जाए. इसमें नमक-हल्दी मिले छिलकों को थाली में डाल दीजिए.
पानी में उबाल आते ही छिलकों वाली थाली को बर्तन के ऊपर रख दीजिए और इसे ढककर आधे घंटे आंच पर पकने दीजिए. गैस धीमी-मध्यम रखिए ताकि पानी में लगातार भाप बनती रहे. 
बाद में नींबू के छिलकों को चमचे से चलाकर एक छिलके को हाथ से दबाकर देखिए, ये नरम हो गए हैं. गैस बंद कर दीजिए और थाली को उतारकर जाली स्टेन्ड पर रख दीजिए. 
पैन गरम कीजिए. पैन में सरसों का तेल डालिए और इसे धुआं उठने तक गरम होने दीजिए. इसके बाद, गैस को एकदम धीमी कर दीजिए और तेल को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. तेल के ठंडे होने पर इसमें अजवायन, हींग,कलौंजी डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर. गैस बंद कर दीजिए और मसाले में भाप में पकाए छिलके डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. इसमें गरम मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और काला नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए.
नींबू का रस निकालकर अचार में मिक्स कर लीजिए. अचार को दो अलग-अलग बर्तन में निकाल लीजिए. एक अचार को नमकीन ही रहने दीजिए. दूसरे अचार में पाउडर चीनी और सौंफ पाउडर डाल दीजिए. इनको अच्छे से मिक्स कर लीजिए. 
नींबू के छिलकों से बने हुए दोनों तरह के अचार- नींबू का मसाला अचार और नींबू का खट्टा मीठा अचार तैयार है. इन अचार को अभी भी खा सकते हैं लेकिन एक सप्ताह बाद, अचार का स्वाद बहुत अच्छा हो जाता है, जब तक सारे तेल मसाले नींबू के छिलकों में पूरी तरह से ज़ज़्ब हो जाते हैं. अचार को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख लीजिए. 
सुझाव
  • अचार को परंपरागत तरीके से धूप में रखकर 2 से 3 दिन या कमरे में ही रखकर 10 से 15 दिन में अचार तैयार कर सकते हैं. 
  • नमक की सहायता से नींबू के छिलके जल्दी से नरम हो जाते हैं. 
  • छिलकों को भाप में पकाते समय आंच धीमी मध्यम ही रखें. अगर आंच तेज रखेंगे, तो भाप तेजी से बनेंगी और बर्तन के ऊपर से पानी निकल भी सकता है. 
  • सरसों के तेल की जगह तिल का तेल भी ले सकते हैं. 
  • सरसों के तेल को धुआं उठने तक गरम करने से तेल का तीखापन कम हो जाता है. 
  • हमने देगी मिर्च ली है ताकि रंग अच्छा आए, यह कम तीखी होती है. 
  • आप अचार को चीनी के बदले गुड़ के साथ भी बना सकते हैं. 
  • जब भी अचार निकालें, सूखी और साफ चम्मच का उपयोग करें, अचार लंबे समय तक चलता है.